झाबुआ

ग्राम घाटिया में गौवंश हत्या प्रकरण

रातभर चला आक्रोश, आज पिटोल रहा पूर्णतः बंद

पिटोल (निर्भय सिंह ठाकुर ) पिटोल चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घाटिया में गौवंश की अवैध हत्या का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों सहित विभिन्न हिंदूवादी संगठनों में रोष फैल गया।   


घटना की जानकारी और त्वरित कार्रवाई

कल शाम ग्रामीणों को सूचना मिली कि ग्राम घाटिया में अवैध रूप से गौवंश की हत्या की जा रही है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।


पुलिस चौकी पर रातभर धरना, हनुमान चालीसा पाठ

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण एवं हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता शाम से ही पिटोल पुलिस चौकी परिसर में एकत्रित हो गए। रात के समय शांतिपूर्ण धरना दिया गया तथा हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया गया।


अधिकारियों की समझाइश, निष्पक्ष जांच का आश्वासन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी झाबुआ आर.सी. भास्करे, तहसीलदार सुनील दावर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मांग पर देर रात एसडीओपी रूपरेखा यादव भी पुलिस चौकी पहुंचीं।
एसडीओपी ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच एवं शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तथा पुलिस को कार्रवाई के लिए समय देने की अपील की।


रातभर चला सर्च अभियान, दो और आरोपी गिरफ्तार

धरने के साथ-साथ पुलिस ने पूरी रात सर्च अभियान चलाया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर लगातार दबिश देते हुए पुलिस ने देर रात दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।


आज पिटोल रहा पूर्ण बंद

घटना के विरोध में आज सुबह पिटोल नगर पूरी तरह बंद रहा। व्यापारियों और ग्रामीणों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इसके पश्चात बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर पुलिस चौकी पहुंचे।


प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन

ग्रामीणों द्वारा पुलिस, राजस्व विभाग तथा पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—

  • गौवंश हत्या प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए।
  • गौमांस के विक्रेता, अवैध खरीद-फरोख्त करने वालों एवं सेवन करने वालों की पहचान कर उन्हें भी आरोपी बनाया जाए।
  • सभी आरोपियों पर रासुका की धाराएं लगाई जाएं।
  • गुजरी हाट बाजार में पशु व मवेशियों की खरीदी-बिक्री पर निगरानी हेतु विशेष मॉनिटरिंग टीम गठित की जाए।
  • भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए।

क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील

स्थिति को नियंत्रण में रखने हेतु जिले की विभिन्न थाना एवं चौकियों से भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पिटोल, ग्राम घाटिया एवं घटनास्थल के आसपास का पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us