आबकारी विभाग झाबुआ की बड़ी कार्रवाई
गुजरात सीमा पर ग्राम पिटोल से ₹1.56 लाख से अधिक की अवैध शराब जब्त

झाबुआ (सुनील डाबी ) जिले में अवैध मदिरा के परिवहन एवं विक्रय पर कड़ी रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर झाबुआ सुश्री नेहा मीना तथा संभागीय उड़नदस्ता इंदौर के उपायुक्त श्री संजय तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में आज एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर आबकारी वृत्त झाबुआ ‘ब’ की टीम ने गुजरात सीमा से लगे ग्राम पिटोल में दबिश दी। दबिश के दौरान मंगू मेड़ा की किराना दुकान के पीछे लोहे की पेटी की तलाशी ली गई, जिसमें से—
-
माउन्ट 6000 सुपर स्ट्रांग बीयर – 30 पेटी
-
बैगपाइपर व्हिस्की – 09 पेटी
इस प्रकार कुल 39 पेटी (437.76 बल्क लीटर) अवैध मदिरा बरामद की गई। जब्त शराब का कुल बाजार मूल्य ₹1,56,240/- आंका गया है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी मंगू पिता फतिया मेड़ा मौके से फरार हो गया। उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 एवं संशोधित अधिनियम 2000 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है। पूरी कार्यवाही नवीन प्रावधानों के अनुरूप विडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी के साथ संपन्न की गई।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री महादेव सोलंकी के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक श्री विकास वर्मा एवं उनकी टीम—श्री मदन राठौड़, श्री विजय चौहान, श्रीमती पुष्पा बारिया तथा वाहन चालक श्री दीपक भूरिया—द्वारा सफलतापूर्वक की गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक कठोर व निरंतर रूप से जारी रहेगा



