झाबुआ से भोपाल तक
*जीआरपी पुलिस का “पटरी की पाठशाला” अभियान की हो रही सरहाना*
*सुरक्षा, शिक्षा और जागरूकता का अभिनव अभियान*

रेलवे पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल के मार्गदर्शन में जीआरपी पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर नवाचारपूर्ण एवं जनहितकारी अभियान चलाए जा रहे हैं। इन्हीं अभियानों में से एक है “पटरी की पाठशाला”, जो अब केवल एक कार्यक्रम न होकर सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का सशक्त आंदोलन बनता जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को रेल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति एवं शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और एक सुरक्षित, सजग समाज का निर्माण हो सके।
*मेघनगर में अभियान को मिली नई गति*
इसी क्रम में मेघनगर जीआरपी थाना प्रभारी ममता अलावा, रेलवे सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सुनील डाबी एवं सचिव दशरथ कट्ठा द्वारा अभियान को जमीनी स्तर तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मेघनगर के शासकीय कन्या विद्यालय एवं सेंट आर्नोल्ड स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र–छात्राओं से संवाद किया गया। बच्चों को रेलवे ट्रैक पर सावधानी बरतने, अनधिकृत रूप से पटरी पार न करने, चलती ट्रेन से दूरी बनाए रखने, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा के उपायों तथा नशे के दुष्परिणामों के बारे में सरल व प्रभावी तरीके से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ममता अलावा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि—“आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। यदि आप सुरक्षित रहेंगे, जागरूक रहेंगे और शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएंगे, तो न केवल आप स्वयं आगे बढ़ेंगे बल्कि समाज और देश को भी सही दिशा देंगे।”

उन्होंने बच्चों को मोबाइल और इंटरनेट का सुरक्षित एवं सकारात्मक उपयोग करने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत अभिभावकों या पुलिस को देने तथा नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी। साथ ही उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और निर्भीक बनने का संदेश दिया। साथ ही जीआरपी पुलिस द्वारा आयोजित आगामी आयोजन में भाग लेने के लिए छात्र छात्राओं को आमंत्रित भी किया
*सम्मान और सहभागिता*
इस अवसर पर सेंट आर्नोल्ड स्कूल के प्राचार्य फादर एंड्स लोबु द्वारा थाना प्रभारी ममता अलावा का मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में पालक शिक्षक संघ अध्यक्ष जेम्स पॉल, अरुण ओहरी, शिक्षक–शिक्षिकाएँ, स्कूली छात्र–छात्राएँ, एएसआई सवेसिंह गुंडिया, जीआरपी थाना स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
*जन–जन तक पहुँचेगा अभियान*
“पटरी की पाठशाला” अभियान के माध्यम से पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल का उद्देश्य है कि यह पहल केवल स्कूलों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और आमजन तक पहुँचे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आए और समाज अधिक सुरक्षित व जागरूक बने।
यह अभियान पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग का सशक्त सेतु बन रहा है, जो आने वाले समय में एक सकारात्मक सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव साबित होगा।




