झाबुआ
ब्रेकिंग न्यूज़ : झाबुआ–मेघनगर रोड पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौके पर दर्दनाक मौत – एक गंभीर

झाबुआ जिले में अंतरवेलिया स्थित बायो-डीज़ल पेट्रोल पंप के सामने शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पुरुष और महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टैंकर के पहियों तले कुचले जाने से दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए, पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
बाइक पर तीन लोग सवार थे। टक्कर में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल रेफर किया गया है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मृतक दंपति मेघनगर के पास स्थित बेड़ावली गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुरा थाना क्षेत्र की अंतरवेलिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।



