झाबुआ
मेघनगर में आज भव्य हिंदू सम्मेलन, नगर भगवामय

मेघनगर। नगर में रविवार को भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन में सर्व हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।
हिंदू सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। नगर को भगवा ध्वजों से सजाया गया है, वहीं आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल, आकर्षक मंच और सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था की गई है। सहभोज (भोजन) तथा सुरक्षा से संबंधित समुचित व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की गई हैं।
संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू समाज द्वारा यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाना है।
सम्मेलन में नगर के विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के प्रमुख विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ताओं द्वारा समाज जागरण से संबंधित प्रेरणादायी संबोधन दिए जाएंगे। साथ ही सामाजिक, राष्ट्रीय एवं समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श भी होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं एवं युवाओं द्वारा पिछले कई दिनों से युद्ध स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। सम्मेलन के निमित्त प्रतिदिन नगर में प्रभात फेरी भी निकाली जा रही है।
आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में समाजजनों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। आयोजन के पश्चात सभी समाजजनों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन भी किया जाएगा।



