झाबुआ

धर्म ध्वज यात्रा व भूमि पूजन के साथ हिंदू सम्मेलन की तैयारियों का भव्य शुभारंभ

मदरानी – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मण्डल मदरानी क्षेत्र में आगामी 11 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन की तैयारियों का शुभारंभ मंगलवार को भव्य धर्म ध्वज यात्रा एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत केसरिया ध्वज लहराते हुए जयघोष और भजन-कीर्तन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। धर्म ध्वज यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुज़री, जहाँ श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।

मदरानी स्थित सम्मेलन स्थल पर संतों एवं धर्माचार्यों की गरिमामयी उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर संतों ने सम्मेलन की सफलता तथा समाज में धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक सद्भाव के विस्तार की कामना की।

संतों ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को एक सूत्र में पिरोना, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण करना तथा युवाओं में संस्कारों का संचार करना है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रीय चेतना का संचार करते हैं।

कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा आयोजन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि 11 जनवरी को होने वाले हिंदू सम्मेलन में देश-प्रदेश से पधारे संतों के प्रवचन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विचार गोष्ठियां तथा सामाजिक विषयों पर संवाद आयोजित किए जाएंगे।

हिंदू सम्मेलन को लेकर नगर में विशेष उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us