हीरोपंती के चक्कर में युवक ने उड़ाए अपने ही मुंह के चिथड़े
बाछीखेड़ा गाँव में सनसनीखेज हादसा, हालत गंभीर

झाबुआ जिले के ग्राम बाछीखेड़ा में एक सनसनीखेज हादसा उस समय घटित हुआ जब एक युवक ने हीरोपंती दिखाने के चक्कर में अपने ही मुंह में सूतली बम रखकर फोड़ दिया। घटना में युवक का चेहरा बुरी तरह झुलस गया तथा उसका मुंह पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक लगातार कई बार दाँतों में सूतली बम दबाकर फोड़ने का प्रयास कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने पहले छह-सात बार ऐसा किया, जिससे उसे चोट नहीं लगी। इसके बाद उसने आठवाँ बम मुंह में रखकर जलाया, तभी जोरदार धमाके के साथ बम फट गया और युवक का मुंह लहूलुहान हो गया। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया।
बीएमओ डॉ. एम. एल. चोपड़ा ने बताया कि युवक को गंभीर अवस्था में चिकित्सालय लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रतलाम जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार युवक किसी सोशल मीडिया ट्रेंड या वीडियो की नकल करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से अपील की है कि वे इस प्रकार के खतरनाक स्टंट से दूर रहें।



