झाबुआ
*बिजली , पानी ओर सडक की समस्या से जुझ रहा अंचल*
*विधायक ने किया दस पंचायतो में भ्रमण, परेशान दिखे ग्रामीण*

पिटोल (निर्भय सिंह ठाकुर ) बुधवार को क्षैत्रिय विधायक एवं आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भुरिया ने झाबुआ विधानसभा के झाबुआ ब्लाक के 10 पंचायतो में भ्रमण किया। यहां वे ग्राम के सैकडों महिला पुरुषों से रुबरु हुवे। अंचलों में खासकर बिजली, पानी व सडकों की समस्या मुख्य रुप से उभरकर सामने आई। मूल भूत समस्याओं से जुझ रहे अंचल में पानी की त्वरित समस्या के निदान के लिये टेंकर व बिजली समस्या के लिये विधायक ने ट्रांसफार्मर लगवाने हेतु ग्रामीणों को आश्वस्त किया। बताया कि उन्हें विधायक निधि से जल्द ही टेंकर व ट्रांसफार्मर की सुविधा उपलब्ध करवा दी जावेगी।
समिपस्थ ग्राम खेडी व भीमफलिया के साथ ही पिटोल के प्रेमछाया से कोटडा तक के लिये प्रधानमंत्री सडक योजना में बनवाने हेतु ग्रामीणों ने विधायक से आग्रह किया। बताया कि इन गांवों में सडकों के कारण प्रसुति हेतु व बिमार दुखी को लाने ले जाने में उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड रहा है। खासकर बारिश के मौसम में जननी सुविधा हेतु सरकार द्वारा दिये गऐ वाहन भी उनके कोई काम नहीं आते। महिलाऐं रास्ते में ही गंभीर होकर परेशान होकर अस्पताल तक पहुंच पाती है। अब तक कई ने तो रास्ते में ही बच्चों को जन्म दिया व कई को जीवन मौत के बीच संघर्ष करना पडा।

*समस्याओं का अंबार था विधायक के सामने*
पीने के पानी की समस्या के साथ बिजली के ऐसे शेड्युल जिसमें ग्रामीणों को देर रात मिलने वाली थ्री फेज बिजली की सप्लाय जिसमें की वे न घर के न घाट के वाली स्थिति में खेती करने को मजबूर है। सर्द हवाओं के बीच रात के समय बिजली मिल रही है जिससे उन्हें रात के अंधेरे व ठिठुरन भरे मौसम में सिंचाई करना पड रही है। कभी बिजली आती है तो कभी नहीं ऐसे में इंतजार करते वे न तो घर पर रह पा रहे है न खेतों में रहने का फायदा। वाॅल्टेज की समस्या अलग उनकी परेशानी का सबब बनी हुई है। ग्राम गेहलर व कालाखुंट में महिलाओं ने बताया कि उन्हें कोई डेढ से दो किलोमीटर दूर से पीने का पानी सिर पर ढोकर लाना पडता है जिससे उनका अधिकतम समय इसी जद्दोजहद में चला जाता है।

*इन ग्रामों का किया भ्रमण*
विधायक विक्रांत भुरिया ने गेहलर, मसुरिया, कुण्डला, खेडी, कांकरादरा, कोयाधरिया, बावडी बडी, छोटी पिटोल, कालाखुंट, भीमफलिया में भ्रमणकर ग्रामीणों से सीधा संवाद कर समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। छोटी पिटोल में विधायक निधि से लगवाऐ एक ट्रांसफार्मर का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, उपाध्यक्ष निर्भयसिंह ठाकुर, हेमचंद डामोर, शंकरभाई परवट, खुनसिंग गुंडिया, काना गुंडिया, विजय शाह, शंभुसिंग डोडियार, वसिम शेख सहित अन्य जनप्रतिनिधी उपस्थित थे।
*योजना की विफलता पानी को तरस रहे ग्रामीण*
भ्रमण के पश्चात विधायक ने कहा कि हर घर पानी पहुंचाने की भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना की विफलता गांवों में सामने आ रही है। लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा। पानी की टंकिया बनकर खडी है पर उनमें पानी तक नहीं पहुंचा है। करोडों रुपऐ योजना की भेंट चढ गऐ पर अंचल आज भी पानी को तरस रहा है। यह गंभीर होने के साथ ही जांच का विषय भी है। जिले के भोगोलिक दृष्टिकोण से यहां हेंडपंप ही प्रासंगिक है न कि ऐसी अ प्रासंगिक योजना।



