झाबुआ से भोपाल तक
*सातसेरा में हिन्दू सम्मेलन, एकजुटता पर बल: महिलाओं की बड़ी भागीदारी, परमार व संत श्री ने किया संबोधित*

मेघनगर | मेघनगर मंडल के मांडली क्षेत्र अंतर्गत सातसेरा गांव में गुरुवार को हनुमान मंदिर परिसर में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और महिलाओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम में परम पूज्य संत श्री दयारामदास जी महाराज, कलु दीदी तथा मुख्य वक्ता प्रकाश परमार उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता प्रकाश परमार ने अपने उद्बोधन में हिन्दू समाज की एकता, संगठन शक्ति और संस्कारों को राष्ट्र सशक्तिकरण का आधार बताया। उन्होंने कहा कि समाज की जागरूकता और एकजुटता से ही राष्ट्र सुरक्षित और मजबूत बनता है। परमार ने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संत श्री दयाराम जी महाराज ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपरा और राष्ट्रीय एकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने देश की सभ्यता, तीर्थ परंपराओं और जनजातीय समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए राष्ट्रनिर्माण में सभी वर्गों की सहभागिता पर जोर दिया। जम्मू-कश्मीर सहित समसामयिक विषयों पर भी उन्होंने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए संघ की स्थापना (1925) और उसके उद्देश्य समाज में एकता और राष्ट्रभाव पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने ‘पांच परिवर्तन’ जैसे सामाजिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया और कहा कि कर्म भिन्न हो सकते हैं, पर धर्म और राष्ट्रभाव सभी को जोड़ता है।
सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। अंत में सहभोज किया गया।



