**बामनिया में दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट!
नारेला रोड पर तंबाकू व्यापारी के घर धावा, अकेली महिला से —मंगलसूत्र व नकदी लूटकर बदमाश फरार, इलाके में दहशत का माहौल**

बामनिया। कस्बे के मशहूर नारेला रोड पर सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब अज्ञात लुटेरों ने एक बड़े तंबाकू व्यापारी के घर पर अचानक धावा बोल दिया। घटना के समय घर में व्यापारी की पत्नी अकेली थी, जिसका फायदा उठाते हुए नकाबपोश बदमाश अंदर घुसे और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी।
लुटेरे महिला से सोने का मंगलसूत्र, नगदी छीनकर चंद मिनटों में फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जिस तेजी से मौके से भागे, उससे लगता है कि बदमाश पहले से रेकी कर चुके थे
।
घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में मौजूद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए। सूचना मिलते ही बामनिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और बदमाशों के जल्द गिरफ्तार होने का दावा किया है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, यह साफ झलकता है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



