झाबुआ से भोपाल तक
अनास नदी पर पुल निर्माण की मांग तेज, विधायक वीर सिंह भूरिया ने विधानसभा में उठाई आवाज
सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन की चेतावनी

मेघनगर (सुनील डाबी ) थांदला विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीर सिंह भूरिया ने मेघनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत ढेबर में अनास नदी पर पुल निर्माण की गंभीर मांग को वर्ष 2025 में विधानसभा में मजबूती से उठाया था। इसी कड़ी में सोमवार को मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंदौर से आए इंजीनियर मनोज जाटव द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया तथा प्रस्तावित पुल की नपती की गई।
उल्लेखनीय है कि मेघनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत बार क्षेत्र में 8-लेन सड़क निर्माण के बाद मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच वर्षों पुराना सीधा आवागमन बंद हो गया है। इसका सीधा असर मेघनगर विकासखंड की 30 से 40 ग्राम पंचायतों, गुजरात राज्य की कई पंचायतों तथा राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ा है। आम नागरिकों को अब रोजमर्रा के आवागमन, व्यापार, शिक्षा और विशेषकर इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक वीर सिंह भूरिया ने बताया कि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए गुजरात के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन पुल के अभाव में मरीजों को लंबा और जोखिम भरा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे कई बार जान पर बन आती है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुल नहीं, बल्कि जनजीवन, स्वास्थ्य, रोजगार और क्षेत्रीय विकास का सवाल है।

विधायक भूरिया ने पूर्व में 8-लेन सड़क परियोजना के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर जनता की समस्याओं से अवगत कराया था, जिस पर अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया था।
मीडिया से चर्चा में विधायक वीर सिंह भूरिया ने दो टूक कहा कि यदि राज्य सरकार ने इस जटिल और जनहित से जुड़ी समस्या की अनदेखी की, तो आने वाले समय में वे अपनी विधानसभा के हजारों नागरिकों के साथ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल का निर्माण होने से न केवल मध्य प्रदेश बल्कि गुजरात और राजस्थान के लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय संपर्क पुनः बहाल होगा।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य कालूसिंह भूरिया, जनपद उपाध्यक्ष मेघनगर सुशील गौर, सिंह भूरिया, मंडली सोसायटी समिति अध्यक्ष मनु भूरिया, चैन सिंह डामोर, मदरानी समिति अध्यक्ष, सरपंचगण भंवर सिंह, कालू सिंह भूरिया, फूल सिंह भूरिया, प्रताप भूरिया, विजय सिंह डामोर, शंकर भाई, मेघनगर ब्लॉक के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष परसिंह भाई डिंडोर, गेंदाल भाई डामोर, रमेश भाई भटेवरा, संतु वसुनिया, नाथू भूरिया, दिनेश भूरिया, सुमन भूरिया, दिला भूरिया सहित गुजरात राज्य से बड़ा भाई निनामा, रेवसिंह भूरिया, कीर्तन भाई, महेश भूरिया एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।




