झाबुआ से भोपाल तक
कल्याणपुरा में चोरी और आगजनी — अपराधियों ने मचाया तांडव, पुलिस पर उठे सवाल
गांव में दहशत, व्यापारियों का विरोध—कल्याणपुरा अनिश्चितकाल के लिए बंद

झाबुआ(सुनील डाबी ) कल्याणपुरा में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए भीषण चोरी और आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मुख्य चौराहे पर स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये का माल और नकदी चोरी कर ली। यही नहीं, दुकान के बाहर खड़ी कार और पास के घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे गाड़ी और घर दोनों पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आगजनी में दुकान के अंदर रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया।

घटना के समय नहीं थी पुलिस गश्त
ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय इलाके में किसी प्रकार की पुलिस गश्त नहीं थी। घटना की सूचना मिलने के बाद भी थाना प्रभारी और पुलिस दल मौके पर देर से पहुंचे। इससे ग्रामीणों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी, लूट और आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित है।
थाना प्रभारी पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद पुलिस की निष्क्रियता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने पहले भी क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। समय पर गश्त और कार्रवाई के अभाव में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

गांव में रोष, व्यापारियों का बंद
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और व्यापारियों ने शनिवार को कल्याणपुरा अनिश्चित कालीन बन्द का आह्वान किया। बंद का सभी ने समर्थन किया लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रशासन की साख दांव पर
यह वारदात न केवल पुलिस की लापरवाही बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन अपराधियों पर नकेल कसने और पुलिस की जवाबदेही तय करने के लिए क्या कदम उठाता है



