धर्मांतरण के आरोपों से गरमाया मदरानी, दो पास्टर सहित सात आरोपी
मदरानी: अवैध धर्मांतरण के आरोप में दो पास्टर सहित सात लोगों पर एफआईआर

झाबुआ। जिले के थाना काकनवानी अंतर्गत ग्राम मदरानी में कथित अवैध धर्मांतरण और एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट के मामले को लेकर विवाद सामने आया है। घटना के बाद सर्व आदिवासी समाज के विरोध को देखते हुए पुलिस ने दो ईसाई पास्टर सहित सात लोगों के खिलाफ मदरानी चौकी पर एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 131, 352, 351(3), 3(5) तथा मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मामले की जांच जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। ग्राम मदरानी निवासी आदिवासी युवक गेंदाल डामोर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जब वह अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में दो ईसाई पास्टर और कुछ अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों द्वारा उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया। मना करने पर कथित रूप से उसे धमकाया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और पत्थर फेंके गए, जिससे उसे चोटें आईं। साथ ही आरोपियों द्वारा उसके घर की ओर भी पत्थर फेंकने की बात कही गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बनने की बात सामने आई है।
मामले की जानकारी मिलने पर सर्व आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। समाज के प्रतिनिधियों ने थाना काकनवानी और मदरानी चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में कथित रूप से दबाव और प्रलोभन के जरिए धर्मांतरण के प्रयास हो रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



