मदरानी में बाबा रामदेवजी प्राण प्रतिष्ठा: भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

मदरानी। स्थानीय नगर में बाबा रामदेवजी की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भव्य कलश यात्रा और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ यह महोत्सव हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
भक्तिमय रही कलश यात्रा
महोत्सव का मुख्य आकर्षण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल कलश यात्रा रही। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं और बहनें सिर पर मंगल कलश धारण कर सम्मिलित हुईं। जगह-जगह पुष्प वर्षा से यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण बाबा के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

वरिष्ठजनों एवं संतों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर संतों और क्षेत्रीय नेताओं का सानिध्य प्राप्त हुआ। थांदला विधानसभा के युवा नेता संजय कलसिंह भाबर और राकेशगिरी महाराज ने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।

बौद्धिक सत्र: कुरीतियों के त्याग और शिक्षा पर जोर
प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात आयोजित बौद्धिक सत्र में सामाजिक चेतना का संदेश दिया गया। बाबा कोकिन्दा मंदिर के संत श्री मनु भाई डामोर ने बाबा रामदेवजी के आदर्शों पर प्रकाश डाला। आदिवासी समाज सुधार समिति के राष्ट्रीय प्रमुख श्यामा ताहेड़ ने समाज को संबोधित करते हुए कुरीतियों को त्यागने और सात्विक जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “यदि समाज सही दिशा में आगे बढ़ेगा, तो हमारे युवा आईएएस और आईपीएस जैसे उच्च पदों पर आसीन होकर गौरव बढ़ाएंगे।”

वहीं, मनसुखदास महाराज ने शिव महिमा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। गुजरात से आए जयसिंह भाई के भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। अंत में प्रसादी वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ।



