झाबुआ

हिंदू सम्मेलन की तैयारियों के तहत सकल हिंदू समाज ने किया ध्वज स्थापना व भूमि पूजन

मेघनगर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आगामी 15 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को सकल हिंदू समाज द्वारा विधि-विधान से ध्वज स्थापना एवं भूमि पूजन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री हनुमान मंदिर, सातसेरा धाम परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

भूमि पूजन के अवसर पर उपस्थित जनजाति संत श्री बालमगिरी महाराज ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “संगठित समाज ही शक्तिशाली समाज की पहचान होता है। हिंदू समाज भारत की आत्मा है। जातिगत भेदभाव को समाप्त कर राष्ट्र और सनातन धर्म की रक्षा के लिए हिंदू समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा।”
उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में 15 जनवरी को आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में सहभागिता करने का आह्वान किया।

यह विशाल सम्मेलन 12 गांवों की सहभागिता से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मांडली मंडल की धर्मप्रेमी जनता के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के जनजाति समाज एवं सर्व समाज की सक्रिय भागीदारी रहेगी। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना तथा सनातन संस्कृति के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, साधु-संत एवं धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। भूमि पूजन का कार्यक्रम पूर्ण विधि-विधान के साथ शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us