मेघनगर में मथियास गुंडिया का पुरोहिताभिषेक संपन्न

झाबुआ / कैथोलिक डायसिस ऑफ झाबुआ के गोपालपुरा पल्ली निवासी मथियास गुंडिया का पुरोहिताभिषेक संत अर्नाल्ड पल्ली, मेघनगर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक धार्मिक समारोह में एक हजार पांच सौ से अधिक ईसाई विश्वासी, 150 से अधिक धर्मसंघी तथा लगभग 50 पुरोहित उपस्थित रहे।
कैथोलिक डायसिस के पूज्यनीय बिशप पीटर खराड़ी द्वारा हस्तरोपण एवं तैलाभिषेक के माध्यम से उपयाजक मथियास गुंडिया को कैथोलिक चर्च एवं कोइनोनिया संस्था के लिए पुरोहित नियुक्त किया गया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त विश्वासियों के समक्ष ब्रह्मचर्य एवं आज्ञाकारिता का व्रत धारण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धालुओं के जुलूस के साथ चर्च में प्रवेश से हुई। संत अर्नाल्ड चर्च के पल्ली पुरोहित फादर जोमोन जेम्स ने नव-अभिषिक्त पुरोहित, उपस्थित समस्त पुरोहितों तथा मुख्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

फादर थॉमस पी. ए. ने अपने उद्बोधन में पुरोहिताई जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं बिशप पीटर खराड़ी ने पुरोहित जीवन की चुनौतियों एवं ईश्वर की योजना में विश्वास बनाए रखने की आवश्यकता पर विश्वासियों को मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक वीरसिंह भूरिया ने भी सहभागिता की। उन्होंने नव-अभिषिक्त पुरोहित फादर मथियास एवं उनके परिवारजनों को बधाई देते हुए कहा कि पुरोहित बनना एक कठिन एवं चुनौतीपूर्ण दायित्व है, जिसे और अधिक प्रभावी एवं प्रेरणादायी बनाना एक महान सेवा है।



