मेघनगर में सुरों का संगम मखमली आवाज से भक्तिमय हुई श्रीवनेश्वर मारुति नंदन की धरा
आज गूंजेंगे साँवरिया सेठ के जयकारे, सुप्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा देंगे प्रस्तुति

मेघनगर (झाबुआ) | मध्यप्रदेश के सबसे भव्य और प्रतिष्ठित आयोजनों में शुमार ‘श्रीवनेश्वर मारुति नंदन हनुमान जयंती उत्सव’ की सोमवार की शाम संगीत और भक्ति के नाम रही। इंडियन आइडल फेम सुप्रसिद्ध गायिका अरुणिता कांजीलाल को सुनने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। तीन राज्यों (मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात) के हजारों संगीत प्रेमियों की उपस्थिति ने इस शाम को ऐतिहासिक बना दिया।
सतत 2 घंटे तक बरसी सुरों की गंगा
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव को समर्पित कालजयी भजन “सत्यम शिवम सुंदरम” से हुआ। इसके बाद अरुणिता ने “एक राधा एक मीरा” सहित कई भक्तिमय और सुरीले गीतों की प्रस्तुति दी। लगभग 2 घंटे तक श्रोता मंत्रमुग्ध होकर झूमते रहे।
अरुणिता कांजीलाल ने कहा: “सनातन धर्म को मजबूती देने वाले इस विशाल आयोजन का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व का विषय है। यहाँ की ऊर्जा और भक्तों का प्रेम अद्भुत है।”
अथर्व और खुशी ने बांधा समां
मुख्य प्रस्तुति से पूर्व ‘राइजिंग स्टार’ के रनर-अप बाल कलाकार अथर्व बख्शी और खुशी नागर ने मंच संभाला। उन्होंने “देवा श्री गणेशा” के साथ भगवान गणेश की वंदना की और ‘जय श्री राम’ के उद्घोषों के बीच अपनी कला का जादू बिखेरा।
आज की खास प्रस्तुति: गोकुल शर्मा की भजन संध्या
आज, 1 अप्रैल को श्रीवनेश्वर मारुति नंदन के दरबार में सांवरिया सेठ के प्रसिद्ध भजनों के जादूगर गोकुल शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। वे अपने लोकप्रिय भजन “सब तेरा साँवरिया सेठ मेरा तो कुछ भी नहीं” से युवाओं और भक्तों को भक्ति के सागर में सराबोर करेंगे।


आयोजन की प्रमुख झलकियाँ:
अतिथि स्वागत: आयोजन समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी श्री सुरेश चंद्र पूरणमल जैन एवं राजेश (रिंकू) जैन के परिवार ने अरुणिता कांजीलाल का भावभीना स्वागत किया।
महिला शक्ति का उत्साह: समिति की वरिष्ठ सदस्या श्रीमती सीमा सुरेश जैन, नीता राजेश जैन, पूजा जैन, पूर्वा जैन, अंतिम बाला जैन और बिन्नी जैन ने युवाओं से आज की भजन संध्या में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया है।
सुरक्षा व्यवस्था: टीआई दिनेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने पार्किंग और ट्रैफिक नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं, जिसकी क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।
हार्दिक कोठारी और पूरी आयोजन समिति ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता को आज शाम गोकुल शर्मा के भजनों का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया है।




