पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: थांदला में 6 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, वर्षों से थे फरार

थांदला/झाबुआ। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एसपी शिवदयाल गुर्जर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत थांदला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ही दिन में दबिश देकर अलग-अलग गंभीर मामलों में वर्षों से फरार चल रहे 6 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पकड़े गए आरोपी मारपीट, चोरी और दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे।
घेराबंदी कर दबोचा, तकनीकी मदद ने आसान की राह
थाना प्रभारी अशोक कनेश ने बताया कि फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने न केवल मुखबिरों को सक्रिय किया, बल्कि टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। सटीक इनपुट मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपियों को भागने का मौका दिए बिना हिरासत में ले लिया।
ये चढ़े पुलिस के हत्थे
मुनसिंह पिता वारु सिंगड़ (निवासी: टिमरूपाडा)
कालिया पिता कमजी अमलियार (निवासी: कड़वापाड़ा)
सतनाम व जसपाल पिता रामा चिकलीगर (निवासी: संजय कॉलोनी, राजगढ़)
रूसमल पिता जानिया डामोर (निवासी: आबापाड़ा, देवीगढ़)
अपराधियों को सीधी चेतावनी: ‘जीरो टॉलरेंस’ जारी रहेगा
पुलिस विभाग ने साफ कर दिया है कि फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान रुकने वाला नहीं है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम जनता में सुरक्षा का भाव बना रहे।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस बड़ी कार्यवाही में थाना प्रभारी अशोक कनेश के साथ उप निरीक्षक संतोष गुप्ता, सुशील, एएसआई मुकेश भूरिया, शैलेंद्र शुक्ला सहित प्रधान आरक्षक खेम सिंह, राजेंद्र रावत, कमल चौहान, रायसिंह और आरक्षक राहुल, जितेश, नरसिंह, पुखराज व अनिल परमार की विशेष भूमिका रही।


