कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए समीक्षा बैठक आयोजित

झाबुआ। आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग झाबुआ की अध्यक्षता में जिला शिक्षा प्रकोष्ठ एवं जिला कोर ग्रुप की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग झाबुआ में सम्पन्न हुई, जिसमें सहायक संचालक (शिक्षा), जिला शिक्षा प्रकोष्ठ एवं जिला कोर ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्री-बोर्ड एवं मुख्य परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि बोर्ड कक्षाओं का संपूर्ण पाठ्यक्रम आगामी 31 दिसंबर तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। साथ ही B एवं C ग्रेड के विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल कक्षाएं अनिवार्य रूप से संचालित की जाएँ।
छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अधीक्षकों को विशेष निर्देश दिए गए। वहीं, विद्यालय प्राचार्यों को अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से सीधे संपर्क कर नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। प्री-बोर्ड परीक्षा के बाद 13 से 31 जनवरी 2026 तक निरंतर कक्षाएँ संचालित करने तथा इसकी मॉनिटरिंग जिला एवं ब्लॉक स्तर पर करने पर बल दिया गया।
बैठक में सभी विषय शिक्षकों को छात्रों के लिए प्रैक्टिस सेट तैयार करवाने, तथा शिक्षा विभाग द्वारा प्रदत्त वर्कबुक अनिवार्य रूप से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए। पिछले पाँच वर्षों के प्रश्नपत्र, लघु एवं वस्तुनिष्ठ प्रश्नों, अंग्रेजी विषय में अनसीन पैसेज, एप्लीकेशन, निबंध एवं प्रारूप की विशेष तैयारी कराने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थी परीक्षा में सभी प्रश्न हल करें, ज्ञात प्रश्नों को प्राथमिकता दें तथा कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर परीक्षा-भय दूर कराया जाए। प्री-बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाएँ दिखाकर उनकी गलतियाँ सुधारने तथा ब्लू-प्रिंट एवं प्रश्नपत्र पैटर्न सभी विद्यार्थियों को कॉपी में अनिवार्य रूप से नोट करवाने के निर्देश दिए गए।



