झाबुआ जिले की फिजा बिगाड़ने वाला हुआ गिरफ्तार
स्कूली छात्रा से छेड़खानी मामले में विभिन्न धाराओं में हुआ मामला दर्ज

झाबुआ (सुनील डाबी ): झाबुआ जिले के मेघनगर में उस समय तनाव का माहौल बन गया जब एक स्कूली छात्रा ने वर्ग विशेष के युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलते ही नगरवासियों में आक्रोश फैल गया और परिजनों के साथ विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया। स्वयं पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक रेहान के खिलाफ छेड़खानी सहित पॉक्सो एक्ट एवं अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। देर रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी शिवदयाल सिंह ने बताया कि, “छात्रा की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। फिलहाल कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।”

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, नगर में फिलहाल स्थिति शांत बताई जा रही है।



