झाबुआ

पशु आहार की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही 1 करोड़ 73 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त

पिटोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 772 पेटी शराब बरामद

पिटोल (निर्भय सिंह ठाकुर )इंदौर–अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह पिटोल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से पशु आहार की आड़ में छिपाकर गुजरात ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 8119 हाईवे किनारे एक होटल के पास खड़ा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक की तलाशी ली, जिसमें पशु आहार के पीछे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की 772 पेटी शराब व बीयर बरामद की गई। ट्रक गुजरात ले जाया जा रहा था।

इस मामले में वाहन चला रहे सलमान पिता समीद शेख (उम्र 25 वर्ष), निवासी सतवास, जिला देवास को गिरफ्तार किया गया है।

शराब की कीमत 1 करोड़ 73 लाख 74 हजार 800 रुपये

जब्त की गई शराब विभिन्न बेच नंबरों की है, जो अलग-अलग स्थानों पर निर्मित बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक सहित कुल मशरूका की कीमत 1 करोड़ 73 लाख 74 हजार 800 रुपये आंकी है।

तस्करी का नया तरीका: पशु आहार

मध्यप्रदेश से पिटोल होकर गुजरात में शराब तस्करी का सिलसिला लगातार जारी है। तस्कर हर बार पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। इस बार शराब को पशु आहार की बोरियों के पीछे छिपाया गया था। पिटोल तक वैध परमिट की आड़ में शराब लाकर आगे गुजरात भेज दी जाती है। समय-समय पर पकड़ी जाने वाली बड़ी खेपें इस अवैध धंधे की गंभीरता को उजागर करती हैं।

इन ब्रांडों की शराब जब्त

जब्त शराब में लंदन प्राइड, किंगफिशर बीयर, ग्रीन पार्क, रॉयल चैलेंज जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं। यह शराब मक्सी (शाजापुर), पीथमपुर (धार) और बड़वाह (खरगोन) में निर्मित बताई जा रही है।

पुलिस की टीम

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे की उपस्थिति में चौकी प्रभारी अशोक बघेल, एएसआई सुरसिंह चौहान, तथा पुलिसकर्मी सुभाष मुवेल, दिलीप डावर, अजित सिंह, कैलाश और अनसिंग भूरिया द्वारा की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 व 46 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us