सकारात्मक सोच ही जीवन की सफलता का आधार — राजाराम कटारा
वार्षिकोत्सव में बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन

पिटोल(निर्भय सिंह ठाकुर ) स्थानीय प्रेमाशीष विद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शिवगंगा के सामाजिक कार्यकर्ता राजाराम कटारा ने आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से हम अपनी छिपी क्षमताओं को पहचान सकते हैं तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। यदि हम सच्चे मन से किसी लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करें, तो कोई भी बाधा हमारे मार्ग में नहीं टिक सकती। अपने उद्बोधन में उन्होंने जीवन को सफल बनाने के लिए सकारात्मक सोच को अत्यंत आवश्यक बताया।
विद्यालय के डायरेक्टर जयदीप सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिकोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं क्रीड़ात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सोमवार शाम से शुरू हुए रंगारंग कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के परिजन एवं आसपास के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
देर रात तक चले बच्चों के प्रेरणादायी कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। ठंड के बावजूद बच्चे, परिजन एवं दर्शकगण पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में डटे रहे।
मंगलवार को कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों के प्रेरणादायी उद्बोधनों के पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए, जिससे बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का सफल संचालन जसवंत परमार ने किया।




