मेघनगर में गूंजे जागरूकता के स्वर, पोषण पखवाड़ा का भव्य समापन

झाबुआ जिले के मेघनगर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित पोषण पखवाड़ा के समापन अवसर पर एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का उद्देश्य क्षेत्र में पोषण, महिला सशक्तिकरण और बाल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।
रैली में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, लाड़ली बालिकाएं और किशोरी बालिकाएं शामिल हुईं। सभी प्रतिभागी हाथों में जागरूकता से भरी तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर “सशक्त नारी, सशक्त समाज” और “बाल विवाह अपराध है” जैसे प्रेरणादायक स्लोगन लिखे हुए थे। पूरे नगर में रैली के दौरान इन नारों की गूंज से माहौल जागरूकता से भर गया।

इस कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी राखी बारिया के नेतृत्व में पर्यवेक्षक अर्चना सांकते, प्रियंका गमार, सकना डामोर, मयूरी पंवार, दीपिका चौहान, नीतू चौहान, रेवा गरवाल, मधु सहित कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर समाज को कुपोषण से मुक्ति, बाल विवाह की रोकथाम और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए महिलाओं और बच्चों का पोषण एवं सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम ने स्थानीय नागरिकों को सकारात्मक सोच अपनाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने के लिए प्रेरित किया।



